ARWAL: अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। जहाँ आहर में डूबने से 30 वर्षीय युवक गोरख दास की मौत हो गई। मृतक कुर्था थाना क्षेत्र के बारा गांव का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार, गोरख दास कुर्था बाजार से घर लौट रहा था, इसी दौरान जलमन आहर के पास अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया।
युवक देर रात घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजन काफी परेशान हो गए। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह परिजनों ने आहर के किनारे एक गमछा और चप्पल मिला। यह देखकर ग्रामीणों ने घटना की गंभीरता को समझते हुए कुर्था पुलिस को इसकी सूचना दी। कुर्था थानाध्यक्ष समीर कुमार घटनास्थल पर अपने दलबल के साथ पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जलमन आहर से युवक का शव बरामद किया।
आहर से बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेजा गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। वही गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि आहर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा उपाय न होने के कारण अक्सर इस तरह की घटनाएँ होती रहती हैं।
पुलिस ने लोगों से यह अपील की है कि जलाशयों और आहरों के पास अकेले जाने से बचें और बच्चों और युवाओं को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें। गोरख दास की असामयिक मृत्यु से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस प्रकार यह घटना स्थानीय प्रशासन और समुदाय के लिए एक चेतावनी भी है कि जलाशयों और आहरों के आसपास सुरक्षा के उपायों को और मजबूत किया जाना चाहिए।







