Hindi News / bihar / araria-news / Bihar Crime News: मां की आंखों के सामने बेटे ने पत्थर से कूचकर...

Bihar Crime News: मां की आंखों के सामने बेटे ने पत्थर से कूचकर की पिता की हत्या, इलाके में सनसनी

Bihar Crime News: अररिया जिले के रानीगंज क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने ही पिता पर पत्थर से हमला कर उनकी जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच.....

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 01, 2026, 3:38:54 PM

Bihar Crime News: मां की आंखों के सामने बेटे ने पत्थर से कूचकर की पिता की हत्या, इलाके में सनसनी

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रानीगंज प्रखंड के बौसी थाना क्षेत्र स्थित महसेली गांव में एक बेटे ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपने ही पिता की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया।


जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 65 वर्षीय मोहम्मद लईक के रूप में हुई है। रविवार रात करीब नौ बजे घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान उनका 24 वर्षीय बेटा खालिद गुस्से में आपा खो बैठा और पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोहम्मद लईक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।


घटना के समय घर में मौजूद मृतक की पत्नी मकिना ने बताया कि विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि बेटे ने जानलेवा हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया।


हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मोहम्मद लईक की जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


घटना की सूचना पर सोमवार सुबह बौसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पत्नी के बयान पर आरोपी बेटे खालिद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।


बौसी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।