Bihar Politics: बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर बना हुआ है। हाल के दिनों में हुए आपराधिक वारदातों को आधार बनाते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी का नाम लेकर सीएम नीतीश और सरकार को घेरने की कोशिश की है।
तेजस्वी ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा प्रमाणित बिहार के कथित मंगलराज की चंद घंटों की कुछ झलकियाँ:- केंद्रीय मंत्री के मामा की हत्या, केंद्रीय मंत्री के भांजे की हत्या, जदयू विधायक की पुत्रवधू की हत्या, डॉक्टर की क्लिनिक में घुस कर हत्या, डॉक्टर की हॉस्पिटल में घुस कर हत्या, वैशाली में NRI की गोली मार कर हत्या, सरकार शिक्षक की गोली मार कर हत्या, सिवान में व्यवसायी की गोली मार कर हत्या”।
तेजस्वी ने आगे लिखा, “कितनी हत्याएं गिनाएँ और किसे गिनाए? भ्रष्ट, टायर्ड और रिटायर्ड अधिकारी एवं चंद नेताओं का एक शातिर गिरोह नीतीश सरकार को चला रहा है। बिहार में प्रशासनिक अराजकता फैल चुकी है। चहुँओर भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला है”। बता दें कि बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर बना हुआ है। पिछले दिनों बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों में विपक्षी दल के सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया था।


