1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 30, 2026, 6:45:46 PM
तेजस्वी यादव का बड़ा हमला - फ़ोटो Google
Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर एक बार फिर से एनडीए सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा है कि एनडीए की सरकार में देश की जनता महंगाई से त्राहिमाम कर रही है लेकिन सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, “टमाटर, प्याज और आलू की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल व LPG गैस की कीमतों ने पहले ही बजट बिगाड़ रखा है और अब खाने-पीने की आवश्यक चीजों जैसे दाल, आटा, सब्जी, तेल की बढ़ी कीमतों से जनता त्राहिमाम कर रही है।
आम नागरिक एनडीए संपोषित जमाखोरी, कालाबाजारी, महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दुष्चक्र में फंसे है जिससे उनका दैनिक जीवन और बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वोट चोरी से बनी एनडीए सरकार की अदूरदर्शी सोच, पूंजीपरस्त नीतियों और जनविरोधी निर्णयों से जनता में भारी आक्रोश है।
एनडीए नेता सरकारी संसाधनों की लूट, भ्रष्टाचार और चंदा चोरी में व्यस्त और मस्त है। बीजेपी सभी समस्याओं की जड़ तथा इनके झूठे, बड़बोले, अनैतिक, भ्रष्ट, जुमलेबाज़ नेता देशवासियों की सब परेशानियों के मूल कारण है।”