1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 30, 2026, 7:07:16 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार में दर्दनाक हादसे में एक महिला की जान चली गई। शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन पंचायत अंतर्गत मुसहरी वार्ड संख्या-8 में मंगलवार को 25 वर्षीय विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। उसकी मां संजू देवी ने बताया कि करीब दो माह पहले बेटी को उसके ससुराल सोनबरसा पंचायत के सोनबरसा गांव से मायके बुलाया गया था। मंगलवार सुबह खाना बनाने के बाद करीब 10:30 बजे वह घर की साफ-सफाई कर रही थी।
इसी दौरान स्टैंड पंखे के नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लग गया। परिजनों ने आनन-फानन में मनीषा को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां ने बताया कि वर्ष 2022 में मनीषा की शादी हिंदू रीति-रिवाज से सोनबरसा गांव निवासी मिथिलेश राय के साथ हुई थी।
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मनीषा अपने पीछे दो छोटे-छोटे दूधमुंहे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद पिता किशोरी राय सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
रिपोर्ट- समीर कुमार झा, शिवहर