Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में पासी समाज को गोलबंद करने के लिए तेजस्वी यादव ने बड़ा दांव खेल दिया है। पटना के एसकेएम हॉल में आयोजित ताड़ी व्यवसायी महाजुटान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने बड़ा एलान कर दिया।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो ताड़ी को शराबबंदी कानून से बाहर किया जाएगा और ताड़ी कारोबारियों के ऊपर चल रहे मुकदमों को वापस लिया जाएगा। उन्होंने ताड़ी को उद्योग का दर्जा दिलाने की भी बात कही है।
तेजस्वी ने कहा कि सरकार में रहने के दौरान लालू प्रसाद और मैंने कई बार शराबबंदी कानून से ताड़ी को बाहर करने की बात कही लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जिद के कारण ताड़ी को लेकर सरकार फैसला नहीं ले सकी लेकिन इस बार अगर हमारी सरकार आई तो ताड़ी को शराबबंदी कानून से बाहर करेंगे। तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार में ताड़ी को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद इस व्यवसाय से जुड़े लोगों के आर्थिक स्थिति में सुधार आएगी।


