Bihar Politics: भोजपुर के बड़हरा में प्रशासन से बार-बार आग्रह के बावजूद जब बाढ़ प्रभावित इलाकों में समय पर मदद नहीं पहुंची, तो राजद के युवा नेता राम बाबू सिंह उर्फ अशोक कुमार सिंह खुद मैदान में उतर गए। उन्होंने बाढ़ राहत शिविर और निःशुल्क भोजनालय की शुरुआत की।
आज वे नेकनाम टोला और आलेखी टोला के बांधों पर शरण लिए लोगों तक बड़े नाव से राहत सामग्री लेकर पहुंचे। पैकेट में पुड़ी-भुजिया, पानी, बिस्कुट और टकाटक के साथ मवेशियों के लिए चारा भी शामिल था। राहत की नाव को देख बच्चे और युवा उम्मीद से दौड़ पड़े। भूख से व्याकुल लोग नाव तक जल्दी पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सभी को लाइन में लगाकर व्यवस्थित तरीके से सामग्री दी गई।
राम बाबू सिंह ने कहा कि यह राहत कार्य लगातार जारी रहेगा और किसी को भी भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अपने नेता तेजस्वी यादव के कहे के अनुसार विपत्तियों के समय मदद के लिए जनता के बीच रहकर उनकी ज़रूरतों को पूरा किया। राहत के इस कार्य से बांधों पर शरण लिए लोगों में एक उम्मीद की किरण जगी है।
पिछले एक हफ्ता से दर्जनों गांवों के लोग ऐसे बांधों पर फंसे हुए हैं और अपनी जिंदगी खुले आसमान के नीचे बिताने को विवश हैं। राम बाबू सिंह के साथ राजद कार्यकर्ताओं की टीम में प्रखंड अध्यक्ष जयराम राय, राम तपस्या राय, पप्पू गोप, सोनू कुमार, दुर्गा पासवान समेत कई लोग मौजूद रहे।


