Hindi News / politics / शपथ ग्रहण के बाद दिल्ली से पटना लौटे सीएम नीतीश कुमार, अब इस्तीफे...

शपथ ग्रहण के बाद दिल्ली से पटना लौटे सीएम नीतीश कुमार, अब इस्तीफे का इंतजार; BJP कोर ग्रुप की बैठक रद्द

Nitish Kumar: राज्यसभा सांसद के तौर पर दिल्ली में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौट आए. एक से दो दिनों के भीतर वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. उधर, नए सीएम को लेकर दिल्ली में होने वाली बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक रद्द हो गई है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 10, 2026, 6:27:02 PM

Bihar Politics

सांसद बनकर पटना पहुंचे नीतीश - फ़ोटो Reporter

Nitish Kumar: दिल्ली में राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार की देर शाम वापस पटना लौट आए। उनके साथ जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और मुख्यमंत्री के करीबी मंत्री विजय कुमार चौधरी भी पटना लौट आए। अब जल्द ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा सौंप देंगे, जिसपर हर किसी की नजर है।


शुक्रवार को संसद भवन में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह शपथ ग्रहण समारोह दोपहर करीब सवा 12 बजे हुआ, जिसमें कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे। खास बात यह है कि नीतीश कुमार पहली बार राज्यसभा सांसद बने हैं।


दिल्ली में शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी नेताओं के साथ वापस पटना लौट आए। अब जल्द ही वह मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ देंगे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उनके इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बिहार का अगला सीएम कौन होगा फिलहाल इसपर औपचारिक एलान बाकी है हालांकि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के सीएम बनने की संभावना प्रबल है।


उधर, बिहार में नए मुख्यमंत्री और नई सरकार को लेकर सस्पेंस अभी भी बना हुआ है। दिल्ली में बिहार भाजपा के कोर ग्रुप की शुक्रवार शाम होने वाली बैठक को अचानक रद्द कर दिया गया है, जिससे राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।


बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य नेता अब पटना लौट रहे हैं। बैठक रद्द किए जाने की कोई आधिकारिक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। इसके बाद बिहार की सियासत में नए नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं ने फिर से जोर पकड़ लिया है।