Hindi News / bihar / patna-news / बिहार में पुलिसिंग को मजबूत करने की बड़ी पहल: DGP विनय कुमार ने...

बिहार में पुलिसिंग को मजबूत करने की बड़ी पहल: DGP विनय कुमार ने जिलों में नियुक्त किए नोडल प्रभारी, सीनियर IPS अधिकारी संभालेंगे कमान

Bihar Police News: बिहार में पुलिसिंग को मजबूत करने की बड़ी पहल हुई है. डीजीपी विनय कुमार ने सभी जिलों में सीनियर IPS अधिकारियों को नोडल प्रभारी बनाया है. 32 जिलों में सीनियर आईपीएस अधिकारियों को कमान सौंपी गई है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 10, 2026, 7:29:41 PM

Bihar Police News

अपराधियों की खैर नहीं - फ़ोटो Google

Bihar Police News: बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों में जिला प्रभारी और नोडल प्रभारी की नियुक्ति कर दी है। डीजीपी विनय कुमार के इस फैसले का उद्देश्य जिलों में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की निगरानी को प्रभावी बनाना है।


इस नई व्यवस्था के तहत पटना जिले की जिम्मेदारी एडीजी नैय्यर हसनैन खां को सौंपी गई है। वे पूर्व में पटना के एसएसपी और जोनल आईजी के रूप में कार्य कर चुके हैं और उन्हें राजधानी की भौगोलिक स्थिति और अपराध पैटर्न की गहरी समझ मानी जाती है। माना जा रहा है कि उनका अनुभव और मजबूत सूचना तंत्र पटना पुलिसिंग को और प्रभावी बनाएगा।


इसी क्रम में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों का प्रभार दिया गया है। एडीजी अमित कुमार जैन को सारण और बक्सर, आईजी संजय कुमार को मुजफ्फरपुर, एडीजी एस. रवींद्रन को गया, एडीजी आर. मलार विजी को नालंदा, एडीजी पंकज कुमार दराद को भोजपुर, एडीजी सुधांशु कुमार को दरभंगा तथा एडीजी सुनील कुमार को जहानाबाद और अरवल की जिम्मेदारी दी गई है।


इसके अलावा एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह को समस्तीपुर, एडीजी पारसनाथ को मुंगेर, एडीजी अजिताभ कुमार को गोपालगंज और खगड़िया, तथा एडीजी संजय सिंह को सीवान और पूर्णिया का प्रभार सौंपा गया है। एडीजी अमित राज को बेतिया और बगहा, जबकि एडीजी अमित लोढ़ा को लखीसराय और शेखपुरा की जिम्मेदारी दी गई है।


महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिलों की कमान दी गई है। इनमें आईजी अनसुइया रणसिंह साहु (औरंगाबाद), आईजी एस. प्रेमलता (भागलपुर और नवगछिया), डीआईजी हरप्रीत कौर (भभुआ) और डीआईजी मीनू कुमारी (बेगूसराय) शामिल हैं। वहीं सीमावर्ती और संवेदनशील जिलों में आईजी पी. कन्नन (जमुई और अररिया), डीआईजी तौहीद परवेज (किशनगंज) और डीआईजी राशिद जमां (सीतामढ़ी) को जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इन वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती से जिलों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।

रिपोर्ट- मनोज कुमार