CM NITISH PRAGATI YATRA BUXAR: प्रगति यात्रा के दौरान शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बक्सर पहुँचे जहाँ पर उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट और बक्सर जिले की बहुप्रतीक्षित, बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना का लोकार्पण किया। 202 करोड़ की लागत से बने इस बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत 20 पंचायतों के 51 गांवों में 36760 घरों में गंगा जल को शुद्ध कर पेयजल के रूप में पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले को करीब 476 करोड़ की योजनाओं का सौगात दिया है। दियारा क्षेत्र बुरी तरह आर्सेनिक से प्रभावित था। यहां के भूजल में आर्सेनिक की मात्रा होने के कारण यह क्षेत्र कैंसर जोन बन चुका था। रिपोर्ट यह भी आई थी कि मां के दूध में आर्सेनिक की मात्रा आने लगी थी जिससे नवजातों का जीवन भी प्रभावित होने लगा था। इसीलिए सरकार द्वारा इसे काफी संजीदा से लिया गया और यह तय किया गया कि गंगाजल को शुद्ध कर इस क्षेत्र को लोगों को पेयजल के रूप में आपूर्ति की की जा रही है।
इसी कड़ी में 2009 में इस योजना की शुरुआत की गई लेकिन कई कारणों से इसमें देर होती गई। अब यह 2025 में योजना पूर्ण हुई है। जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज किया। वहीं मुख्यमंत्री ने सिमरी के परसन पाह में मॉडल पंचायत भवन का भी उद्घाटन किया। जिसके बाद यहाँ से वो बक्सर के गोलम्बर पहुंचे जहाँ पर्यटन विभाग के विश्वामित्र होटल के नये भवन निर्माण का शिलान्यास किया।
फिर वो सुप्रसिद्ध रामरेखा घाट भी गए ,जहाँ वे मां गंगा का दर्शन कर करीब 13 करोड़ की योजना का शिलान्यास किया। जिसके बाद वो जिला अतिथि गृह में 12 कमरों का बनकर तैयार भवन का उद्घाटन करने के बाद वो बक्सर समाहरणालय पहुंचे जहां वो अधिकारियो के साथ विकास कार्यों की समीक्षा भी की। प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री नीरज कुमार , बिहार सरकार के ही मंत्री नितिन नवीन भी मौजूद थे।
बक्सर से सुमंत सिंह की रिपोर्ट..


