Bihar Politics: बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनावी साल में बिहार में इफ्तार पॉलिटिक्स जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद आज आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव भी इफ्तार पार्टी देंगे। हालांकि इसका आयोजन राबड़ी आवास की बजाय पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी के आवास पर होगा।
लालू यादव की इफ्तार पार्टी में कई सियासी दलों के नेताओं के साथ-साथ मुस्लिम समाज के लोगों को बुलावा भेजा गया है। खास बात यह है कि कल सीएम नीतीश कुमार के इफ्तार पार्टी का बहिष्कार करने वाले मुस्लिम नेता आज लालू यादव की इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे। कई मुस्लिम धार्मिक संगठनों के नेता लालू की इफ्तार पार्टी में शरीक होंगे।
महागठबंधन के सभी नेताओं और रोजेदारों को लालू यादव की तरफ से इफ्तार पार्टी में शामिल होने का न्योता मिला है। आपको बता दें कि रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। हालांकि कई मुस्लिम संगठनों ने मुस्लिम समाज से दावत में शामिल न होने की अपील की थी, इसके बावजूद बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शिरकत की थी।






