Bihar Politics: तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बूढ़ा और थका हुआ बताने पर हम के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पलटवार किया है। दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव को खूब सुनाया।
बिहार में विधानसभा का चुनाव इस साल के अंत में होना है लेकिन अभी से ही विपक्षी दल सरकार और मुख्यमंत्री पर हमलावर बने हुए हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने तो मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया है। चाहे वह डीके टैक्स की बात हो या अपराध का मुद्दा कोई भी मौका तेजस्वी हाथ से नहीं जाने देना चाहते हैं। यही वजह है कि वह लगातार सीएम नीतीश पर हमले बोल रहे हैं।
तेजस्वी बार-बार दावा कर रहे हैं कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार बूढ़े हो चुके हैं और अब उनसे सरकार नहीं चल पा रही है। तेजस्वी ने अभी एक दिन पहले से ही पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में युवा चौपाल लगाया था जिसमें उन्होंने कहा था कि अब बिहार बूढे लोगों से नहीं चलने वाला है बल्कि युवा बिहार को संभालेंगे। तेजस्वी द्वारा मुख्यमंत्री को बूढ़ा कहे जाने पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नाराजगी जताई है।
पटना से दिल्ली लौटने के दौरान एयरपोर्ट पर जब मीडिया ने मांझी से सवाल किया कि तेजस्वी यादव नीतीश कुमार को बूढ़ा कह रहे हैं, इसपर जीतन राम मांझी भड़क गए और कहा कि नीतीश कुमार को बूढ़ा बताने वाले तेजस्वी यादव खुद मुख्यमंत्री से बूढ़े हो गए हैं।
वहीं तेजस्वी यादव द्वारा दावा करने पर कि उनकी सरकार बनी तो ताड़ी को शराबबंदी कानून से मुक्त करेंगे। इसपर मांझी ने कहा कि सरकार का जो नियम है वही ठीक है और उसी के अनुसार सबकुछ चलेगा। इसके बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।


