Bihar Politics: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि आज हम सभी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में देश को नई दिशा दी। उनके काल की कई उपलब्धियां हैं, जिन्होंने देश में बदलाव लाए।
उन्होंने कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। सद्भावना दिवस का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, शांति, और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना है, जो राजीव गांधी के जीवन और कार्यों का मूल मंत्र था।
सहनी ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और विज्ञान के क्षेत्र में क्रांति लाने की दिशा में कदम उठाए। भारत में कंप्यूटर क्रांति और टेलीकॉम नेटवर्क को लेकर उन्होंने देश को नई दिशा दी। वीआईपी संस्थापक ने सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिये पोस्ट करके भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।


