Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सदस्यों ने मुख्य गेट पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उसे तमाम मोर्चों पर विफल बताया। विपक्ष के विधायक हाथों में बैनर लेकर नारे लगाते दिखे।
दरअसल, बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के विधायक सदन के मुख्य गेट पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। विधायक हाथों में बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विपक्षी विधायकों ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की है। आरजेडी विधायक भाई बीरेंद्र के नेतृत्व में विपक्ष के विधायक सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते दिखे।
बता दें कि सदन की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई है। प्रश्नकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े सवालों पर चर्चा की जाएगी। इनमें कृषि विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, डेयरी विभाग, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, नगर विकास विभाग तथा सहकारिता विभाग शामिल हैं।
इन विभागों से संबंधित योजनाओं, विकास कार्यों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सदस्यों द्वारा सवाल सदन में पूछे जाएंगे, जिनका जवाब संबंधित विभागों के मंत्री देंगे। प्रश्नकाल के दौरान कई जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना पड़ सकता है।




