Bihar Budget Session 2025: बिहार विधानसभा में आज शराबबंदी कानून से जुड़ा मामला विपक्ष के द्वारा सदन में उठाया गया। कांग्रेस विधायक नीतू सिंह के ने शराबबंदी को पूरी तरह से फेल बताते हुए सरकार को धो डाला तो वहीं आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने तो शराबबंदी कानून को ही खत्म करने की मांग कर दी और कहा कि अगर आपकी पुलिस सक्षम नहीं है तो शराबबंदी खत्म करें।
दरअसल, बिहार विधानसभा में आज शराबबंदी कानून को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की। सदन के अंदर सबसे पहले कांग्रेस विधायक नीतू सिंह ने शराबबंदी का मुद्दा उठाया। नीतू सिंह ने कहा कि सदन के अंदर अगर किसी को शराब चाहिए तो 1200 के बदले 2400 दे और होम डिलीवरी करा लें।
उन्होंने कहा कि 2016 में महिलाओं की मांग पर शराबबंदी लागू हुई थी लेकिन आज क्या हाल है सभी लोग जानते हैं। इस से अच्छा है कि सरकार उन लोगों को जेल से छुड़वाए जो शराब पीकर अंदर गए है।
इसके बाद RJD विधायक कुमार सरबजीत ने मांग उठाई कि सरकार शराबबंदी को ख़त्म करें। RJD विधायक ने मध्य निषेध मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि मेरे साथ बाइक पर बैठकर मेरे गांव में चलिए। शाम को एक घर के नीचे आपको 1000 मोटरसाइकिल मिलेगी, जिसमें शराब लेकर लोग जाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि शराबबंदी का हमने समर्थन दिया था ताकि महिलाओं को आराम मिलें, उनके पति शराब पीकर घर जाते थे लेकिन आज क्या हाल है सब जानता है। ग़रीब लोगों को फंसाया जाता है। हम अनुरोध करते है कि आपकी पुलिस अगर सक्षम नहीं है तो शराबबंदी क़ानून समाप्त करें। गुजरात का तर्ज पे शराबबंदी लाएं, हम अब इस पाप के भोगी नहीं बन सकते। पूरे हंगामे के बीच सदन में मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सादा भी मौजूद रहे।

