Bihar Budget 2025: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार आज अपने इस कार्यकालका अपना अंतिम बजट पेश करने जा रही है। बिहार के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी के बजट में बिहारवासियों के लिए क्या-क्या खास होगा, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं हालांकि इससे पहले विपक्ष ने विधानसभा से लेकर विधान परिषद तक घेराबंदी कर दी है।
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में शामिल होने पहुंची पूर्व सीएम और विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने बजट से पहले सरकार को घेरने की कोशिश की है। राबड़ी देवी ने विधान परिषद के बाहर हाथों में पोस्टर लेकर विपक्षी दलों के सदस्यों के साथ सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद किया और पुरजोर तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की है।
राबड़ी देवी ने कहा कि महंगाई की मार से राज्य की जनता त्राहिमाम कर रही है लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है और गरीब जनता की उसे कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को गैस सिलेंडर का दाम पांच सौ रुपया करना होगा। बिहार की जनता के हर मांग को हर हाल में पूरा करना होगा। सरकार जनता को भरमाने का काम कर रही है। गरीबों को दो सौ यूनिट बिजली फ्री करना होगा। सरकार राज्य की महिलाओं को 25 सौ रुपया दे।


