Bihar Assembly: बिहार विधानसभा की कार्यवाही के बीच बांकीपुर से बीजेपी विधायक और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सदन में पहुंचे, जिसके बाद सदन में मौजूद सदस्यों ने उनका पूरे गर्मजोशी से स्वागत किया। बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन पहली बार सदन पहुंचे। इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार चौधरी ने सरकार की तरफ से उनका स्वागत किया।
दरअसल, पटना के बांकीपुर विधानसभा से बीजेपी के विधायक नितिन नबीन पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर निर्वाचित हुए हैं हालांकि उन्होंने मंत्री पद से तो इस्तीफा दे दिया है लेकिन विधायक पद से अबतक इस्तीफा नहीं दिया है। बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद आज नितिन नबीन पहली बार विधानसभा पहुंचे, जहां सत्ताधारी दलों के नेताओं ने पूरे सदन की तरफ से उनका स्वागत किया।
स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि यह बड़े ही हर्ष की बात है कि भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद विधानसभा के सदस्य नितिन नबीन सदन में आए हैं। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। सभी दलों के सदस्यों से आग्रह है कि एक-एक कर उन्हें बधाई दें।
सबसे पहले मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नितिन नबीन का स्वागत किया और उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ साथ तमाम सदस्यों ने नितिन नबीन को बधाई दी।



