Vande Bharat Sleeper Train: इन दिनों वंदे भारत स्लीपर ट्रेन काफी चर्चा में है। यह वंदे भारत एक्सप्रेस की नई स्लीपर ट्रेन है, जिसे लंबी दूरी की रात की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए तैयार किया जा रहा है। ट्रेन में एसी स्लीपर कोच होंगे, जिनमें साफ-सुथरे बेड, चार्जिंग पॉइंट, बेहतर लाइटिंग और मॉडर्न टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है। इसमें किसी भी तरह का वीआईपी या इमरजेंसी कोटा नहीं होगा, जिससे सभी यात्रियों को समान अवसर मिलेगा और टिकट व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष रहेगी। केवल कंफर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे, जिससे वेटिंग लिस्ट की समस्या काफी हद तक कम होगी।
इस ट्रेन में आरएसी टिकट की सुविधा नहीं होगी, यानी आधी सीट या असुविधाजनक यात्रा का सवाल ही नहीं उठेगा। हर यात्री को पूरा बर्थ मिलेगा और लंबी दूरी की रात की यात्रा आरामदायक बन सकेगी। वंदे भारत स्लीपर में मिलने वाला BED Roll भी एडवांस होगा, जिसमें ब्लैंकेट के साथ कवर दिया जाएगा।
स्टाफ की ड्रेस में भारतीय सभ्यता और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, और रेलवे के आला अधिकारियों को भी किसी तरह का विशेष पास नहीं मिलेगा। सभी यात्रियों को सामान्य नियमों के तहत ही टिकट लेकर सफर करना होगा।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लंबी दूरी के रूट्स पर चलाई जाएगी, जिससे समय की बचत होगी और सफर आसान होगा। यात्रियों को खाने में पारंपरिक भारतीय स्वाद का अनुभव मिलेगा। रेलवे का उद्देश्य है कि वंदे भारत स्लीपर में किसी तरह का कॉलोनीयल सिस्टम न हो और सभी यात्रियों को समान और सम्मानजनक यात्रा सुविधा मिले। यह वंदे भारत सीरीज की पहली स्लीपर ट्रेन है।





