1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 20, 2026, 11:50:41 AM
- फ़ोटो Google
Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रामनगर क्षेत्र के कागोत इलाके में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक यात्री बस के पलटने से 15 लोगों की मौत की खबर है। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी जालो क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के कारण यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि एक मोड़ पर बस का टायर फट गया, जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पतालों में भेजा गया है। प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता दी जा रही है।