Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के सीएम फेस को लेकर कांग्रेस और आरजेडी के बीच लंबे समय तक घमासान चलता रहा। चुनाव की तारीखों का एलान होने के कई दिनों बाद तक महागठबंधन में सीएम उम्मीदवार के तौर पर तेजस्वी यादव के नाम पर मुहर नहीं लग सकी। आखिरकार भारी फजीहत के बाद कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम फेस घोषित किया। अब पीएम मोदी ने इसको लेकर तीखा तंज किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भोजपुर में आयोजित जनसभा में राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों में घमासान मचा हुआ है। नामांकन वापस लेने से पहले बंद कमरे में राजनीति की गई और सीएम पद को लेकर कांग्रेस की इच्छाओं की अनदेखी की गई। पीएम ने आरोप लगाया कि राजद ने कांग्रेस को मजबूर कर सीएम पद पर अपना उम्मीदवार मनवाया, जबकि प्रचार और घोषणा पत्र में कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं थी।
पीएम मोदी ने कहा कि 2005 से पहले राजद ने बिहार में जातीय दंगे करवाए और दलित, महादलित और अति पिछड़ों के बच्चों को माओवादी आतंक में झोंक दिया। उन्होंने कहा कि आज भी ये लोग बिहार के विकास की बजाय जंगलराज की मानसिकता दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस घुसपैठियों के समर्थन में सक्रिय हैं और बिहार के संसाधनों पर नियंत्रण की बात नहीं छोड़ रहे। मोदी ने चेतावनी दी कि ऐसे लोग बिहार के उद्योग और विकास को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “जे खेतवा उजड़लस उहे अब बुआई के बात करत बा,” यानी जो पहले बिहार को नुकसान पहुंचाते रहे, वही अब विकास की बात कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने मेहनत से बिहार को मुश्किल दौर से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अगर राजद बिहार में जंगलराज लाता है, तो कांग्रेस की पहचान 1984 के सिख नरसंहार जैसी हिंसा से जुड़ी है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी उन लोगों को ओहदे दे रही है, जो उस नरसंहार में शामिल थे। उन्होंने चेताया कि राजद और कांग्रेस का तुष्टिकरण और जंगलराज की मानसिकता बिहार की पहचान को खत्म करने की कोशिश कर रही है।





