Bihar News: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल सवाल सुनते ही फिल्मी गाना गाने लगे....नायक नहीं खलनायक है वो.....। दरअसल बीजेपी अध्यक्ष से पत्रकारों ने पूछा- तेजस्वी यादव को बिहार का नायक बताया गया है. सवाल सुनते ही दिलीप जायसवाल गाना गाने लगे.
दरअसल, राजद ने शनिवार को पटना में पार्टी कार्यालय के बाहर तेजस्वी यादव का एक नया पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ लिखा 'बिहार का नायक'। पोस्टर सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष किया है. प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया गया, इंडिया गठबंधन के लोगों ने जननायक की उपाधि को चुराया . जब बिहार की जनता में आक्रोश पनपा तो भाग खड़े हुए. अब तेजस्वी यादव को नायक बताया जा रहा है. कुछ दिन बाद ही नायक के आगे खलनायक लग जायेगा, इसके बाद वे अगला गाना गाएंगे.
बता दें, गुरूवार को महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुखिया मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया। राजद का कहना है कि उसकी तरफ से और डिप्टी सीएम की घोषणा की जाएगी। बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों छह और 11 नवंबर को होगा जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। एनडीए यह चुनाव सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ रहा है लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गृह मंत्री ने कहा है कि चुनाव नतीजे आने के बाद विधायक दल की बैठक में एनडीए का मुख्यमंत्री चुना जाएगा।





