VAISHALI: वैशाली जिले में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर एक सनसनीखेज अपहरण की घटना सामने आई है। सराय थाना क्षेत्र के मंसूरपुर इलाके में अज्ञात बदमाशों ने चलती कार से एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित हाजीपुर से मुजफ्फरपुर की ओर कार से जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका और सुनसान जगह का फायदा उठाते हुए उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कार को बरामद कर लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह घटना पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि अपहृत व्यक्ति का इस तरह के लेन-देन से संबंध था और पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार बदमाश अपहृत व्यक्ति को सराय से मुजफ्फरपुर की दिशा में लेकर गए हैं। बरामद कार सोनबरसा निवासी एक व्यक्ति के नाम पर दर्ज बताई जा रही है, जिससे पुलिस संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
सराय थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन जारी है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।





