Hindi News / crime / इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, किराना दुकान से लाखों की नेपाली और भारतीय...

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, किराना दुकान से लाखों की नेपाली और भारतीय करेंसी बरामद

सुपौल के भीमनगर में पुलिस ने छापेमारी कर एक किराना दुकान से 8.83 लाख नेपाली और 13.65 लाख भारतीय रुपये बरामद किए हैं। मामले में पुलिस नेटवर्क और पैसों के स्रोत की जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: SANT SAROJ Updated May 07, 2026, 10:47:35 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर

SUPAUL: सुपौल के इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित भीमनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान से लाखों रुपये की नेपाली और भारतीय मुद्रा बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। 


सुपौल के इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के भीमनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान में छापेमारी कर लाखों रुपये की नेपाली और भारतीय मुद्रा बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद भीमनगर बाजार में हड़कंप मच गया है। मामला भीमनगर थाना क्षेत्र के भीमनगर चौक स्थित चंदन ट्रेडर्स नामक किराना दुकान का है, जहां वीरपुर एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी की गई। 


इस दौरान कई थानों की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से 8 लाख 83 हजार 600 नेपाली रुपये और 13 लाख 65 हजार 50 भारतीय रुपये बरामद किए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा मिलने के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही दुकान संचालक मौके से फरार हो गया,लेकिन दुकान में मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किराना दुकान में इतनी बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा कहां से आई, इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट