Bihar News: राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सासाराम में रविवार की रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कॉलेज के एक छात्र प्रिंस कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर आई। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के सामने सड़क पर आगजनी की और एक परित्यक्त कार को आग के हवाले कर दिया। छात्रों ने परीक्षा के लिए होम सेंटर की मांग करते हुए कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय पर लापरवाही का आरोप लगाया।
छात्र प्रिंस कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रिंस कैमूर जिले में आयोजित सेमेस्टर परीक्षा देने जा रहा था, जब उसकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के सामने सड़क किनारे एक परित्यक्त कार को आग के हवाले कर दिया।
छात्रों का कहना है कि पहले सेमेस्टर परीक्षा महाविद्यालय परिसर में होती थी, लेकिन अब उसे अन्य जिले में स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उनका आरोप है कि अगर परीक्षा केंद्र यहीं होता तो यह हादसा नहीं होता।
हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। सासाराम एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। हालांकि, देर रात तक सड़क पर आगजनी और प्रदर्शन का माहौल बना रहा।
छात्र यशराज सिंह ने कहा कि हम सब बेहद दुखी और नाराज़ हैं। प्रिंस की मौत की ज़िम्मेदारी कॉलेज और यूनिवर्सिटी प्रशासन की है। अगर परीक्षा यहीं होती, तो वह जिंदा होता। हम होम सेंटर की मांग करते हैं ताकि आगे ऐसा हादसा न हो।






