SAMASTIPUR: बिहार के समस्तीपुर जिले से बड़ी खबर आ रही है, जहां मुफ्फसिल थाने की पुलिस टीम पर हमला हुआ है। आक्रोशित लोगों ने अनुसंधान इकाई मुफ्फसिल थाने की गाड़ी को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। जिससे थाने की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी के घर पर मारपीट और हंगामे की सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची थी। पुलिस के सामने पूर्व मंत्री रामाश्रय सहनी के ड्राइवर और उसके एक पुत्र के साथ ग्रामीणों ने मारपीट शुरू कर दी। पूर्व मंत्री के चालक और पुत्र पर पड़ोस की एक लड़की को भागने का आरोप लगाया जा रहा है।
मौके पर पहुंची मुफ्फसिल थाने की पुलिस टीम ने जब लोगों को शांत कराने की कोशिश तब आक्रोशित लोगों ने पुलिस की टीम पर ही हमला कर दिया। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस की गाड़ी का शीशा भी लोगों ने तोड़ डाला। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा वार्ड संख्या 38 की है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है।





