Bihar Crime : समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के टाडा गांव से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कथित तौर पर एक पिता ने अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी पिता ने 'इज्जत' के नाम पर यह क्रूर कदम उठाया और शव को तीन दिनों तक घर के ही बाथरूम में छिपा कर रखा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक युवती, जिसकी पहचान 25 वर्षीय साक्षी के रूप में हुई है, कुछ सप्ताह पहले मोहल्ले के ही युवक के साथ दिल्ली भाग गई थी। हालांकि, एक सप्ताह पूर्व वह घर लौट आई थी। वापस आने पर उसके पिता मुकेश सिंह ने भरोसा दिलाया कि उसे कोई नुकसान नहीं पहुँचाया जाएगा, लेकिन जैसे ही वह घर पहुंची, पिता ने मौका देखकर बेरहमी से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
पत्नी ने खोला राज, पुलिस को दी सूचना
हत्या के बाद आरोपी ने साक्षी का शव बाथरूम में छिपा दिया था और घरवालों को यह कहकर गुमराह करता रहा कि बेटी फिर से भाग गई है। जब साक्षी की मां को शक हुआ तो उन्होंने अपने पति से सवाल किया, लेकिन उसने टालने की कोशिश की। इसके बाद महिला ने अपनी बहन और बहनोई से बात की और हत्या की आशंका जताई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पूछताछ शुरू की। जब पुलिस ने घर के पीछे बने बाथरूम की तलाशी ली, तो वह ताले में बंद मिला। ताला खोलने पर पुलिस को साक्षी का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
घटना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।



