1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jul 02, 2026, 1:52:18 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के मनिया स्थित तिलावे नदी से गुरुवार को 45 वर्षीय महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वार्ड संख्या-4 निवासी मीना देवी के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनवर्षा-महेशखुट सड़क को जाम कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों के अनुसार, मीना देवी बुधवार शाम करीब 4 बजे से लापता थीं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह तिलावे नदी से एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जब शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान मीना देवी के रूप में हुई।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका की दोनों बेटियां, गुड्डी कुमारी और करुणा कुमारी, सदमे में हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर मामले में हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण मीना देवी की हत्या की गई है।
सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, बनमा ईटहरी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी तथा सोनवर्षा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। यह हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।