Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / सांवला रंग देख लड़के वाले कर देते थे रिजेक्ट... बार-बार रिजेक्शन से परेशान...

सांवला रंग देख लड़के वाले कर देते थे रिजेक्ट... बार-बार रिजेक्शन से परेशान लड़की ने उठाया खौफनाक कदम

Bihar News: मुजफ्फरपुर में एक 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। परिजनों का कहना है कि शादी के लिए लगातार रिश्ते टूटने और मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया गया हो सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 02, 2026, 1:43:21 PM

सांवला रंग देख लड़के वाले कर देते थे रिजेक्ट... बार-बार रिजेक्शन से परेशान लड़की ने उठाया खौफनाक कदम

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है. गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि शादी के लिए लगातार रिश्ते टूटने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.


मृतका की पहचान पीतांबर कुमार की 22 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है. परिवार के अनुसार, पिछले करीब तीन वर्षों से उसकी शादी के लिए प्रयास किए जा रहे थे. इस दौरान 10 से अधिक जगहों पर बातचीत हुई, लेकिन किसी भी स्थान पर रिश्ता तय नहीं हो सका. परिजनों का कहना है कि अंशु को लगता था कि उसके सांवले रंग की वजह से बार-बार उसे अस्वीकार किया जा रहा है. इससे वह काफी परेशान रहने लगी थी.


परिवार ने बताया कि बुधवार को भी एक परिवार उसे देखने आने वाला था. इससे पहले मंगलवार रात वह अपने कमरे में चली गई. बुधवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई. जब उन्होंने कमरे की जांच की तो अंशु अचेत अवस्था में मिली. इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.


सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया.


गायघाट थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.