1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 09, 2026, 2:03:28 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो File
Cyber Crime in Bihar: बिहार में साइबर अपराधियों ने ठगी के तरीके में बड़ा बदलाव करते हुए अब खुद को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक बताकर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पूर्णिया जिले में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और औसतन हर दिन 30 से अधिक शिकायतें साइबर थाना पहुंच रही हैं।
पुलिस के अनुसार, ठग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से पीएम नरेंद्र मोदी की आवाज बनाकर लोगों को फोन और मैसेज भेज रहे हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत खातों में पैसे भेजे जा रहे हैं, जिसके झांसे में आकर लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं।
हाल ही में जलालगढ़ थाना क्षेत्र के एकांबा निवासी सुधीर प्रसाद मजूमदार के साथ भी इसी तरह की ठगी हुई। उन्हें एक मैसेज मिला जिसमें जन धन योजना के तहत 2000 रुपये देने का लालच दिया गया था। जैसे ही उन्होंने मैसेज को स्क्रैच किया, उनके बैंक खाते से 1496 रुपये की निकासी हो गई।
इस मामले में शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई गई है। साइबर पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में लगातार जांच की जा रही है, लेकिन अपराधी नई तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को फंसाने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ठग अब केवल पीएम और सीएम ही नहीं, बल्कि एसपी, डीएम, पुलिस, सीबीआई और आरबीआई अधिकारी बनकर भी लोगों को डराकर या लालच देकर ठगी कर रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट और केवाईसी अपडेट के नाम पर भी बड़ी संख्या में साइबर फ्रॉड सामने आ रहे हैं। साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।