Bihar Crime News: केंद्रीय मंत्री और लोजपा सांसद चिराग पासवान को पिछले दिनों बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धमकी देने वाले मोहम्मद मेराज को बेगूसराय के तघड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मोहम्मद मेराज से सख्त पूछताछ कर रही है।
दरअसल, तीन दिन पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी इंस्टाग्राम पर "tiger_meraj_idrisi" नामक अकाउंट से दी गई थी, जिसने राजनीतिक हलकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा दिया था।
गुरुवार देर रात लोजपा (रामविलास) के मुख्य प्रवक्ता द्वारा इस मामले में पटना स्थित साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और साइबर सेल ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी। धमकी एक यूट्यूबर के पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दी गई थी, जिससे इस घटना को और गंभीर माना जा रहा था। इस घटना के बाद लोजपा से सांसद अरुण भारती ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्य सरकार से चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी।
थाने में केस दर्ज करने के बाद से ही पुलिस आरोपी को तलाश रही थी। इसी बीच बेगूसराय के तेघड़ा में पुलिस को उसकी लोकेशन मिली। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार शख्स की पहचान मोहम्मद मेराज के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ करने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने उसे पटना पुलिस को सौंप दिया है। पटना पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेराज ने किसके कहने पर और क्यों चिराग पासवान को धमकी दी थी।



