PATNA: राजधानी पटना में 19 साल की बीबीए की स्टूडेंट के साथ हुई गैंगरेप की वारदात के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है. पटना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते दो आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन कांड के दो मुख्य आरोपी संदीप मुखिया और विनायक सिंह पुलिस की गिरफ्त से अभी भी बाहर हैं.
इस रेप कांड का नामजद अभियुक्त संदीप मुखिया उर्फ संदीप सिंह पटना जिले के पालीगंज प्रखण्ड के दुल्हिबाज़ार थाना क्षेत्र के उलार सोरमपुर गांव का रहने वाला है. संदीप मुखिया पर पहले से भी केस दर्ज है. साल 2018 से वो पटना पुलिस का वॉन्टेड है. पुलिस ने जब संदीप के गांव सोरमपुर में उसके घर छापा मारा तब वो वहां नहीं मिला. जिसके बाद पुलिस इलाके में नाकाबंदी करके संदीप की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
ख़बरों के मुताबिक गैंगरेप कांड का मुख्य आरोपी संदीप ने पिछले चुनाव में उलार सोरमपुर पंचायत से मुखिया का चुनाव भी लड़ा था. चुनाव में संदीप को तो जीत नहीं मिली लेकिन उसके बाद से वो संदीप मुखिया के तौर पर जाना जाने लगा. संदीप शादीशुदा है और उसकी पत्नी गांव में ही रहती है.



