Patna Crime News: पटना से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गांधी मैदान थाना क्षेत्र में डायल 112 की टीम पर हमला किया गया है। इस हमले में पुलिस सिपाही संजय कुमार मंडल को गंभीर चोटें आई हैं।
दरअसल, घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एग्जिबिशन रोड की है, जहां एक पिता और पुत्र के बीच मारपीट हो रही थी। इसी दौरान एक बेटे ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी शिवतेन राज उग्र हो गया और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
हमले में सिपाही संजय कुमार मंडल को आरोपी ने जमीन पर घसीट-घसीट कर पीटा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। घायल सिपाही ने बताया कि शिवतेन उसे लगातार मार रहा था, किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागे। घटना की सूचना मिलते ही गांधी मैदान, कोतवाली और कदम कुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
वायरलेस पर संदेश फ्लैश होने के बाद पुलिस फोर्स ने इलाके की घेराबंदी कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से काफी खोजबीन के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच की जा रही है। घायल सिपाही का इलाज कराया जा रहा है।


