Crime News: पटना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे तीन अपराधियों को दबोच लिया है। यह कार्रवाई पटना सिटी के भद्र घाट मोड़ और डंका इमली के पास की गई, जहां से पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से हथियारबंद अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
ASP पटना सिटी अतूलेश झा ने जानकारी देते हुए बताया कि भद्र घाट मोड़ के पास दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने पकड़ा, जिनके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में पता चला कि ये दोनों किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।
वहीं दूसरी ओर, डंका इमली के पास से एक ऑटो चालक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस मिला है। जांच में सामने आया कि यह ऑटो चालक रात के समय सवारी के नाम पर लोगों को सुनसान इलाकों में ले जाकर हथियार के बल पर लूटपाट करता था। पटना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इनसे और मामलों की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।



