Patna Crime News: पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से इस वक्त एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। सोमवार सुबह पटना-नालंदा बॉर्डर के पास धोबा नदी के समीप एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को धोबा नदी के पास फेंका गया है। शव की स्थिति और स्थान को देखते हुए हत्या की आशंका गहराती जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य संकलन कर रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर गहन जांच में जुटी है और युवक की पहचान तथा हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाली जा रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।


