Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने गन प्वाइंट पर लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। राजीव नगर थाना क्षेत्र के अभ्युदय नगर इलाके में 6 नकाबपोश बदमाशों ने एक रिटायर्ड शिक्षिका और उनके पति को पिस्टल की नोक पर बंधक बनाकर करीब 6 लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। इस सनसनीखेज घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
घटना शनिवार देर रात करीब ढाई बजे की है। बदमाश किचन की खिड़की तोड़कर घर के अंदर घुसे। पहले एक बदमाश घर में घुसा और मुख्य दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद पांच अन्य अंदर आ गए। उन्होंने घर के मालिक और उनकी पत्नी को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। इस दौरान घर के अन्य सदस्य, बेटा और बहू, ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे।
बदमाशों ने पूरे घर में तांडव मचाया, आलमारी तोड़ी और उसमें रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। लूट की कुल राशि करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। बदमाशों के जाने के बाद बुजुर्ग दंपती ने शोर मचाया, तब आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, लेकिन आस-पास के इलाकों के कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।



