Bihar Crime News: बिहार की राजधानी के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। द्वारिका कॉलेज के पास रोड नंबर 10 स्थित एक घर में पहले एक महिला ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली और जब पूरा परिवार इलाज के लिए अस्पताल गया हुआ था, उसी दौरान घर में भीषण चोरी हो गई। एक ही घर में आत्महत्या और चोरी की इस दोहरी घटना ने न सिर्फ परिजनों को, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी हिला कर रख दिया है।
वहीं, मृतका की पहचान राधिका सिन्हा के रूप में हुई है, जो द्वारिका कॉलेज के समीप रहने वाले विवेक सिन्हा की पत्नी थीं। मंगलवार को उन्होंने सल्फास खा लिया था। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई तो वे आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह जब पूरा परिवार शव लेकर वापस घर लौटा, तो दरवाजे के ताले टूटे मिले और घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। परिवार को आत्महत्या के बाद अब चोरी का डबल झटका लगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना के एसएसपी अवकाश कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके की जांच की और कंकड़बाग थानेदार को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण की मांग की। सूत्रों के अनुसार, एसएसपी ने सवाल उठाया कि जब यह जानकारी थी कि पूरा परिवार अस्पताल गया है और घर खाली है, तो वहां सुरक्षा के उचित इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
घटना के बाद सदर एएसपी-1 अभिनव के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल चोरी गए सामान का आकलन नहीं हो सका है क्योंकि परिवार सदमे में है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।



