Patna Crime News: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने एक फर्जी दारोगा रवि किशन को गिरफ्तार किया है। वह पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दारोगा बताता था और खुलेआम अवैध शराब की तस्करी कर रहा था।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की गाड़ी में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में शराब की तस्करी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और कुम्हरार के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका गया।
जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से 199 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। आरोपी के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं था, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हो सके। उत्पाद विभाग के आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई की गई थी।
जांच के दौरान पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रवि किशन के रूप में हुई है, जो खुद को दारोगा बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


