Patna News: बड़ी खबर राजधानी पटना से निकलकर सामने आ रही है, जहां आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बालू माफिया के खिलाफ बड़ी छापेमारी की है। पटना पश्चिम इलाके में आर्थिक अपराध इकाई की टीम छापेमारी कर रही है।
EOU के SP के नेतृत्व में आर्थिक अपराध की टीम बालू माफिया के खिलाफ छापेमारी कर रही है। अब तक की छापेमारी के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध खनन और अवैध बालू ढुलाई से जुड़े दस्तावेज और सबूत ईओयू के हाथ लगे हैं। ईओयू के सूत्रों का बताना है कि छापेमारी खत्म होने के बाद ईओयू आज शाम को डिटेल जानकारी साझा करेगी।
बता दें कि आर्थिक अपराध इकाई की जांच में खुलासा हुआ है कि राष्ट्रीय जनता दल से जुड़े इंजीनियर सुनील कुमार उर्फ सुनील सिंह ने नीतीश कुमार की अगुआई वाली एनडीए सरकार को गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की साजिश रची थी। इस साजिश में बालू माफियाओं और अन्य संगठित अपराध नेटवर्क से मिले पैसे का इस्तेमाल होने की बात सामने आई थी।
मंगलवार को EOU ने अपने कार्यालय में इंजीनियर सुनील को तलब किया और तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। जांच में पता चला कि विधायकों को प्रभावित करने के लिए जो धनराशि जुटाई जा रही थी, वह बालू माफियाओं और अन्य संगठित अपराध नेटवर्क से आ रही थी। सुनील ने इन माफियाओं से अपने संबंध होने की बात कथित तौर पर स्वीकार की हैं, हालांकि कुछ सवालों के जवाब देने से वह बचते रहे। ऐसे में ईओयू की इस छापेमारी को उसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- प्रिंस कुशवाहा, पटना



