Patna Crime News: राजधानी पटना में अपराध पर नकेल कसते हुए पटना पुलिस ने वर्ष 2021 में दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत ITI के समीप हुए लूट और गोलीबारी की वारदात के फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज चौधरी और साहिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
दीघा लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी-2 दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर दीघा थाना क्षेत्र में लगातार सघन वाहन चेकिंग और ‘रोको टोको’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दीघा थाना क्षेत्र के अहिरान गली में कुछ युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना की साजिश रच रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और तत्परता से कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, इस दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को देख भागने की कोशिश करने लगे। मगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से पुलिस को एक देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सूरज चौधरी और साहिल कुमार बताया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूरज चौधरी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है और 2021 के लूटकांड का वांछित आरोपी है।
डीएसपी के अनुसार, रात में हथियारों के साथ इनका घूमना किसी संभावित बड़ी आपराधिक घटना की ओर संकेत करता है। दोनों आरोपी दीघा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच जारी है।


