Bihar News: पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ढाई साल की मासूम बेटी को महज 40 हजार रुपये में बेच डाला। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बच्ची की मां ने रविवार को पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि भैंसानी टोला निवासी महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि वह कुछ दिनों के लिए घर से बाहर गई थी, और लौटने पर उसकी बेटी घर में नहीं मिली। जब उसने पति से पूछताछ की, तो वह टालमटोल करता रहा और बेटी को किसी रिश्तेदार के पास होने की बात कहता रहा।
पुलिस ने संदेह के आधार पर बच्ची के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि दानापुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत रुपा देवी की मदद से उसने अपनी बेटी को 40 हजार रुपये में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के सुगधर छपरा गांव निवासी एक दंपती को बेच दिया है।
इसके बाद पुलिस ने दानापुर में छापेमारी कर रुपा देवी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सुगधर छपरा गांव में छापा मारकर रुपा की बहन पूजा देवी और उसके पति पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बच्ची को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।






