Bihar Crime News: बिहार के राजधानी पटना में सोमवार की रात को जीरो माइल इलाके में बेतिया जा रही एक बस पर तीन अपराधियों ने सरेआम गोलीबारी की, जिससे बस चालक की मौत हो गई है। घटना राम कृष्ण नगर थाना क्षेत्र के मसौढ़ी मोड़ पर हुई, जहां यात्रियों से भरी बस पर अपराधियों ने हमला किया। गोलीबारी में एक अन्य शख्स भी घायल हुआ है, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान दुष्यंत मिश्रा के रूप में हुई है। घटना के बारे में सिटी एसपी पूर्वी राम दास ने जानकारी दी कि रात करीब 9 बजे मसौढ़ी मोड़ के पास बस पर फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस हमले में दो लोगों की पहचान हुई है, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति को पैर में गोली लगी है।
सिटी एसपी के अनुसार, इस हत्या में चार अपराधी शामिल थे, जिन्होंने लगभग 4-5 राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगने के कारण दुष्यंत मिश्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटना के बाद तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि अपराधियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा सकें।
पिछले कुछ महीनों में यह दूसरी ऐसी घटना है, जहां इस बस के कर्मियों को निशाना बनाया गया है। कुछ महीने पहले, सिंह ट्रैवल्स की बस के कंडक्टर की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस नए हमले से इलाके में दहशत फैल गई है, और स्थानीय लोग अब इस प्रकार की वारदातों को लेकर भयभीत हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, और अपराधियों को पकड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


