1st Bihar Published by: SONU KUMAR Updated Jun 30, 2026, 5:13:15 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले के राजा देवर गांव में घर की सफाई को लेकर हुए विवाद में एक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। मंगलवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि 28 जून को विवाद की शिकायत की गई थी।
यह घटना नेमदारगंज थाना क्षेत्र के राजा देवर गांव की है। मृतक अखिलेश कुमार, जय नंदन शर्मा के पुत्र थे। विवाद उनके बड़े भाई सुधीर शर्मा से हुआ था। जानकारी के अनुसार, घर की सफाई को लेकर दोनों भाइयों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया और अंततः सुधीर शर्मा ने अखिलेश के पेट में चाकू घोंप दिया।
चाकू लगने से अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। 28 जून को ही पुलिस को इस विवाद के संबंध में एक आवेदन दिया गया था, जिसमें न्याय की गुहार लगाई गई थी। हालांकि, पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।
मंगलवार को पुलिस गांव पहुंची, लेकिन उनके जाने के थोड़ी देर बाद ही दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया और हत्या हो गई। नेमदारगंज पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है और आवेदन के आधार पर आगे की जांच जारी है।