Bihar Crime News: नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत आशानगर मोहल्ले में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का नालंदा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुरुवार रात की गई छापेमारी में पुलिस ने मौके से एक दिव्यांग हथियार कारीगर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो किराए के फ्लैट में हथियार निर्माण का अवैध धंधा चला रहे थे।
छापेमारी के दौरान फ्लैट से बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, 7.65 एमएम की 'मेड इन USA' पिस्टल, दो मैगजीन, दर्जनों बैरल, स्प्रिंग सहित हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें जैसे लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर और वेल्डिंग मशीन आदि बरामद किए गए। कुल 60 से अधिक प्रकार की सामग्रियां जब्त की गई हैं।
पुलिस ने मौके से फ्लैट में रह रहे अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक विश्वकर्मा और उसकी पत्नी साक्षी कुमारी को गिरफ्तार किया है। अभिषेक दिव्यांग है और उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह मुंगेर स्थित अपने ननिहाल से हथियार बनाने की तकनीक सीखी थी और अपनी पत्नी के सहयोग से काफी समय से इस काम में संलिप्त था।
एसपी भारत सोनी ने बताया कि यह मामला सीधे तौर पर मुंगेर के कुख्यात हथियार तस्करों से जुड़ा हो सकता है। बरामद एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और खातों की जानकारी से इस बात की जांच की जा रही है कि हथियारों की आपूर्ति किन-किन अपराधियों या गिरोहों को की जा रही थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पति-पत्नी को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन आपराधिक घटनाओं में किया गया है।

