Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के दरिया छपरा गांव के निवासी 40 वर्षीय शिक्षक गुड्डू लाल ठाकुर का शव शुक्रवार सुबह सेमरा निजामत गांव के चिकना चवर में मिला। वह बुधवार रात करीब 10 बजे शौच के लिए निकले थे, जिसके बाद से लापता थे।
शव मिलने से पहले घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर शिक्षक का गमछा और डब्बा बरामद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें घर से बुलाकर हत्या की गई। घटना की सूचना मिलने पर साहेबगंज थाने की पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। मृतक शिक्षक गुड्डू ठाकुर, राजकीय मध्य विद्यालय मनाईन में पदस्थापित थे। उनके दो बच्चे हैं, जबकि पत्नी व बच्चे मुजफ्फरपुर में ही रहते हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं।
हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। साहेबगंज थाना प्रभारी सिकंदर कुमार ने बताया कि गुड्डू ठाकुर दो दिन से लापता थे, आज उनका शव मिला है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल को बुलाया गया है, आगे की कार्रवाई जारी है।

