Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। दिनदहाड़े एक इंजीनियर से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया और विरोध करने पर उन्हें गोली मार दी गई। घटना मनियारी थाना क्षेत्र के मरीचा इलाके की है।
वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के बिरई गांव निवासी इंजीनियर गोविंद कुमार अपने ससुराल सकरा जा रहे थे। इसी दौरान मरीचा के तीन पुलवा के पास तीन बाइक सवार अपराधियों ने उनकी सोने की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें जांघ में गोली मार दी और लूट कर फरार हो गए।
गोविंद कुमार को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी देते हुए डीएसपी (पश्चिमी-2) अनिवेश चंद्र ज्ञानी ने बताया कि अपराधियों ने चेन का आधा हिस्सा लूट लिया, जबकि आधा हिस्सा पीड़ित के पास रह गया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

