Bihar Crime News: मोतिहारी में पत्नी के अवैध संबंध से नाराज पति ने कुल्हाड़ी से काट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महज़ दो घंटे के अंदर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के झखरा गांव की है।
मृतक महिला की पहचान डुमरिया घाट थाना क्षेत्र के खेदलपुरा गांव निवासी सुबोध माझी की 30 वर्षीय मालती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मालती की शादी करीब 7 वर्ष पहले सुबोध माझी के साथ हुई थी। शादी के बाद वह मैके में रहती थी। उसे एक पांच वर्ष का बेटा भी है।
सुबोध पांच दिन पहले ससुराल आया था और घर के बाहर सो रहा था, तभी उसने अपनी पत्नी को किसी गैर मर्द के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से काट कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनकट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरमद कर लिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पत्नी के अवैध संबंध से नाराज पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





