Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पूर्व नक्सली भून्ना मियां की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना दरपा थाना क्षेत्र के पिपरा हाई स्कूल के पास की है। मृतक की पहचान पिपरा गांव निवासी 45 वर्षीय भून्ना मियां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, भून्ना मियां पर इससे पहले भी जानलेवा हमला हो चुका था। पिछले वर्ष 25 अक्टूबर को मोतिहारी से घर लौटते समय छौड़ादानो थाना क्षेत्र में उन्हें बदमाशों ने गोली मार दी थी, जो उनकी पीठ में लगी थी। करीब एक महीने के इलाज के बाद वे बच गए थे। लेकिन इस बार अपराधियों ने पहले गोली मारी और फिर गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
मृतक के बड़े भाई नूर आलम ने बताया कि सुबह भून्ना मियां तालाब में पाली गई मछलियों को दाना डालने जा रहे थे। इसी दौरान स्कूल के पास स्थित राजेंद्र पासवान के घर में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। पहले गोली मारी और फिर गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
ग्रामीणों की सूचना पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक भून्ना मियां की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार, दरपा थाना क्षेत्र के हरेंद्र सिंह की 85 बीघा जमीन पर नक्सलियों की नजर लंबे समय से थी। भून्ना मियां उस जमीन की देखरेख कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी जमीन विवाद के कारण पूर्व में भी उन पर हमला हुआ था और अब उसी विवाद के चलते उनकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। रक्सौल के एसडीपीओ धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी

