1st Bihar Published by: Ajit Kumar Updated Jul 17, 2026, 3:02:09 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड में सरकारी जमीन की मापी के दौरान हिंसक झड़प हो गई। बरियारपुर गांव में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने महिला अंचलाधिकारी (CO) डॉ. हर्षा कोमल, पुलिस टीम और राजस्व कर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में पूर्व मुखिया समेत कुल नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में मुख्य आरोपी सहित कई नामजद और 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, वासुदेवपुर पंचायत के बरियारपुर गांव में पटल बाबू रोड निवासी सुदीप्तो बनर्जी की करीब 1 एकड़ 64 डिसमिल जमीन की सरकारी मापी कराई जा रही थी। इसी दौरान बंटीस यादव और उसके समर्थकों ने सरकारी कार्य का विरोध करते हुए मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से लैस होकर सरकारी टीम को चारों ओर से घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ गाली-गलौज, हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी और सुरक्षा में तैनात महिला अंचल गार्ड के साथ मारपीट व अभद्रता भी की गई। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
हमले में महिला सीओ डॉ. हर्षा कोमल के पैर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहीं, इस हिंसक घटना में भू-स्वामी के सहयोगी एवं वासुदेवपुर पंचायत के पूर्व मुखिया अवधेश सिंह, निरंजन सिंह, नवल बिंद समेत कुल नौ लोग घायल हुए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित वर्मा ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पूर्व मुखिया अवधेश सिंह सहित तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद शाहकुंड थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बंटीस यादव सहित कई नामजद और 15–20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, कुछ ग्रामीण संबंधित जमीन पर अपना दावा कर रहे थे, लेकिन जांच के दौरान वे अपने दावे के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।