Bihar Crime News: बिहार के कटिहार सदर अस्पताल में तैनात एक महिला सुरक्षा गार्ड ने अपने सुपरवाइजर पर गंभीर यौन उत्पीड़न और मानसिक शोषण के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस संबंध में महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, घटना 4 जून की रात की है, जब महिला गार्ड नाइट ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान, सामान्य सिक्योरिटी इंटेलिजेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर नवीन कुमार सिंह ने कथित तौर पर नशे की हालत में उसे कमरे में बुलाया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला।
जब महिला गार्ड ने इसका विरोध करने पर अगले ही दिन उसे ड्यूटी से हटा दिया गया। महिला गार्ड का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि सुपरवाइजर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है। उसने छेड़खानी, शोषण और नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
वहीं, सुपरवाइजर नवीन कुमार सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि महिला गार्ड अक्सर ड्यूटी से गायब रहती थी और जब टोका जाता, तो विवाद करती थी। फिलहाल सिक्योरिटी एजेंसी ने महिला गार्ड को सस्पेंड कर दिया है और मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, पुलिस ने भी इस मामले में तफ्तीश शुरू कर दी है और सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

