KATIHAR: बिहार के कटिहार जिले में अपराधी बेलगाम हो गये हैं। यही कारण है कि एक के बाद एक क्राइम की वारदात को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का डर खत्म हो गया है। मंगलवार की देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। कटिहार में दो दिनों में दो हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हत्या की वारदात देर शाम मुफ्फसिल और दंडखोरा थाना बॉर्डर पर हुई है। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के रामपारा निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद टिंका के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है।
बताया जाता है कि टिंका को उसके साथी ने बुलाकर धुसमर के पास ले गया और गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे एएसपी अभिजीत कुमार ने घटना की सभी बिन्दुओं की जांच कर रहे हैं। एक के बाद एक हत्या की घटना से इलाके के लोग भी दहशत में हैं। स्थानीय वार्ड पार्षद मोहम्मद इबरार ने भी इस घटना पर चिंता जताई है। बता दें कि 36 घंटे पहले ही प्रॉपर्टी डीलर धीरज की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही हत्याओं से कटिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

